सरकारी अस्पताल में अचानक पहुंचे सिविल सर्जन, नजारा देखकर रह गए दंग; 12 डॉक्टरों की लटका दी सैलरी
Bihar Government Hospital बिहार के बेतिया जिले में सिविल सर्जन ने एक अनुमंडल अस्पताल का औंचक निरीक्षण किया। अस्पताल का नजारा देखकर वह पूरी तरह से दंग रह गए। इसके बाद सिविल सर्जन ने फटाफट 12 डॉक्टरों पर एक्शन ले लिया। इसके अलावा सिविल सर्जन ने जवाब तलब भी किया है। अब उन्हें निर्धारित समय के अंदर स्पष्टीकरण देना होगा।
By Subah se Sham Tak
Edited By: Gulshan kumar
Fri, 09 Aug 2024 06:15 PM (IST)
प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर
HighLights
सिविल सर्जन ने किया औचक निरीक्षण, खुली व्यवस्था की पोल
अनुमंडल अस्पताल बगहा में गायब मिले 12 डॉक्टर, हुई कार्रवाई
प्रबंधन डाटा ऑपरेटर सहित अन्य भी नहीं थे मौजूद, जवाब तलब
सिविल सर्जन डॉक्टर विजय कुमार ने गुरुवार को अनुमंडल अस्पताल बगहा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों के उपस्थिति की जांच की।
उन्होंने इलाज, उपकरण, साफ-सफाई और दवा आदि व्यवस्था की पड़ताल की। सिविल सर्जन ने अस्पताल की जब गहराई से जांच की तो पता चला की यहां सबकुछ ठीक ठाक नहीं है। एक दर्जन से अधिक से अधिक चिकित्सक मौजूद नहीं थे।
यहां तक कि स्वास्थ्य प्रबंधक और डॉटा ऑपरेटर भी ड्यूटी से गायब पाए गए। सिविल सर्जन ने अब अस्पताल से गायब चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों के वेतन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाते हुए जवाब तलब किया है।
निरीक्षण के दौरान गायब मिले ये भी डॉक्टर
सिविल सर्जन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान डॉ संजय कुमार गुप्ता, डॉ विनय कुमार, डॉ विजय कुमार, डॉ शिवांगी कुमारी गुप्ता, डॉ तारीक नदीम, डॉ पुष्प राज, डॉ पूजा कुमारी, डॉ अरुण कुमार यादव, डॉ विद्यानंद पाल, डॉ सुनिष्ठा सुमन, डॉ आकृति, डॉ घनश्याम कुमार, आदी ड्यूटी पर नहीं थे।
उन्होंने बताया कि सभी से जवाब तलब किया गया है। वहीं, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बगहा दो में एक चिकित्सक और करीब आधा दर्जन स्वास्थ्य कर्मी गायब पाए गए।
सिविल सर्जन ने बताया कि गायब रहने वालो में डॉ धर्मेंद्र कुमार, संतोष कुमार सिंह, सतीश कुमार पटेल, अभिनंदन तिवारी, रामानंद राम, राजकिशोर चौधरी, मो सबीर अनुपस्थित पाए गए।
