ननिहाल में दुश्मन का घर उड़ाकर हत्या करना चाहता था सैन्यकर्मी, मिर्जापुर से भारी मात्रा में खरीदा था विस्फोटक
Begusarai News बिहार के बेगूसराय जिले के एक सैन्यकर्मी ने अपने दुश्मन से बदला लेने के लिए मणिपुर में बैठकर हत्या की साजिश रच डाली। बेगुसराय पुलिस ने युवक को डेटोनेटर व विस्फोटक के साथ गिरफ्तार किया है । गुरुवार को पकड़े गए सेना के जवान राजकिशोर का इरादा अपनी ननिहाल में दुश्मन का घर उड़ाने व हत्या का था।
By Subah Se Sham Tak News
Edited By: Gulshan Kumar
Tue, 06 Aug 2024 1:49 PM (IST)
संवाददाता, बेगूसराय। Bihar News डेटोनेटर व विस्फोटक के साथ गत गुरुवार को पकड़े गए सैन्यकर्मी राजकिशोर का इरादा अपनी ननिहाल में दुश्मन का घर उड़ाने व हत्या का था। उसने पत्थर व्यवसाय के लिए ख्यात उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से 5500 रुपये में 75 डेटोनेटर व विस्फोटक खरीदे थे।
इस प्रतिबंधित विस्फोट की खरीद में उसके सहकर्मी सेना के कुक मिर्जापुर निवासी अली मोहम्मद व सिपाही मो. आसिफ ने मदद की थी।
इसके अतिरिक्त जिले के खोरमपुर निवासी राहुल पासवान ने उसे वॉकी-टॉकी व रिसीवर उपलब्ध कराया था। शीघ्र ही अवैध हथियार मुहैया कराने वाला था। पुलिस के समक्ष स्वीकारोक्ति बयान में यह तथ्य सामने आया है।
इंजीनियरिंग रेजिमेंट में तैनात है आरोपी
सेना के 267 इंजीनियरिंग रेजिमेंट कोर मणिपुर में किरानी राजकिशोर ने पुलिस को बताया कि उसका पैतृक घर खोरमपुर और साहेबपुर कमाल थाना का हीराटोल ननिहाल है।
एक कट्ठा जमीन को लेकर था विवाद
2011 में उसकी मां पूनम देवी ने हीराटोल में जगदीश यादव से एक कट्ठा जमीन खरीदी थी। फरवरी 2023 में उसने उस भूमि पर गृह निर्माण शुरू किया, लेकिन पड़ोसी मिथिलेश यादव ने मजदूरों को मारपीट कर भगा दिया और काम रोक दिया।
मिथिलेश सात भाई है। इस कारण राजकिशोर उसके सामने कमजोर पड़ने लगा। दो-तीन बार गृह निर्माण शुरू कराने का प्रयास किया, लेकिन मिथिलेश ने मारपीट कर भगा दिया।
बदला लेने के लिए दोस्तों से मांगी थी मदद
मारपीट से गुस्साए राजकिशोर ने जगदीश से बदला लेने की ठानी। इसके लिए उसने मणिपुर में सहकर्मियों मिर्जापुर निवासी अली मोहम्मद व मो. आसिफ से मदद मांगी।
राजकिशोर 26 जुलाई को मणिपुर से घर लौटा और 30 जुलाई को महानंदा एक्सप्रेस से मिर्जापुर के चुनार स्थित अली मोहम्मद के घर गया और 5500 रुपये में विस्फोटक खरीदा।
राजस्थान व नागपुर निर्मित है विस्फोटक
बरामद 75 डेटोनेटर व विस्फोटक नागपुर व राजस्थान निर्मित है। सफेद रंग के 47 पैकेट पर राजस्थान एक्सप्लोसिव एंड केमिकल लिमिटेड, धौलपुर राजस्थान अंकित है।
वहीं, अन्य 28 एक्सप्लोसिव पैकेट पर इको पावर सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड, चकदोह बाजार नागपुर अंकित है।
पुलिस ने वॉकी-टॉकी व रिसीवर भी बरामद कर लिया है। फिलहाल, बेगूसराय पुलिस हीराटोल गांव में भूमि विवाद के कारणों की पड़ताल में जुट गई है।